Jugsalai Election: मतदान से पहले की अपील अमन, विकास और भाईचारे के पक्ष में करें निर्णय: हिदायतुल्लाह खान

SHARE:

Jamshedpur:नगर निकाय चुनाव का शोर अब थम चुका है। प्रचार अभियान समाप्त होने के साथ ही 23 फरवरी 2026 को होने वाले मतदान को लेकर राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है। जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प और कांटे का माना जा रहा है।

चुनावी मैदान में जहां एक ओर भारतीय जनता पार्टी समर्थित उम्मीदवार पर विपक्षी खेमे द्वारा विभाजनकारी राजनीति के आरोप लगाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अध्यक्ष पद की प्रत्याशी Naushin Khan प्रेम, भाईचारा और विकास के एजेंडे के साथ मतदाताओं से समर्थन की अपील कर रही हैं।

इसी क्रम में झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष Hidayatullah Khan ने एक महत्वपूर्ण बयान जारी कर जुगसलाई के सभी मतदाताओं से लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जुगसलाई की जनता ने विकास और सौहार्द के पक्ष में मन बना लिया है और बड़ी संख्या में मतदान कर एक सकारात्मक संदेश देगी।

हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि वोट को व्यर्थ जाने से बचाना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष रूप से हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समुदायों से एकजुट होकर मतदान करने की अपील की। उनके अनुसार जुगसलाई की सामाजिक एकता ही क्षेत्र के विकास की असली ताकत है।

उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने घरों से निकलें, बुजुर्गों को साथ लेकर मतदान केंद्र तक पहुंचें और लोकतंत्र के इस पर्व को उत्सव की तरह मनाएं। उन्होंने कहा कि नफरत की राजनीति करने वालों को यह स्पष्ट संदेश देना जरूरी है कि जुगसलाई की जनता अमन, विकास और भाईचारे के साथ खड़ी है।

वहीं नौशीन खान ने भी मतदाताओं से शीघ्र मतदान केंद्र पहुंचने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से मुस्लिम समाज से सहरी के बाद मतदान के लिए निकलने का आग्रह किया, ताकि अधिकतम मतदान सुनिश्चित किया जा सके।

अब सबकी नजर 23 फरवरी को होने वाले मतदान और उसके परिणाम पर टिकी है। जुगसलाई की जनता किसे अपना नेतृत्व सौंपेगी, इसका फैसला मतपेटी में बंद होगा, लेकिन फिलहाल चुनावी माहौल में शांति, एकता और विकास के मुद्दे प्रमुख रूप से चर्चा में हैं।

Leave a Comment