हेंसड़ा गांव में 35वां अखंड हरिनाम संकीर्तन संपन्न, भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु

SHARE:


Jamshedpur : पोटका प्रखंड अंतर्गत हेंसड़ा गांव में गौरांग महाप्रभु की कृपा से 35वां सोलह प्रहर सार्वजनिक राधा-गोविंद अखंड हरिनाम संकीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। 4 और 5 अप्रैल को आयोजित इस दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

ग्रामवासी हरिमंदिर संकीर्तन समिति हेंसड़ा एवं स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 8 संकीर्तन मंडलियों ने भाग लिया। संकीर्तन के दौरान आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और हरिनाम संकीर्तन का श्रवण कर भक्ति में लीन रहे।

मौके पर राम रंजन प्रधान ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन लोगों के मन में भक्ति भावना को जागृत करते हैं और समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करते हैं। वहीं समिति के सचिव कार्तिक दास ने बताया कि इस संकीर्तन की शुरुआत वर्ष 1992 में हुई थी और तब से यह परंपरा निरंतर जारी है।

समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए दो दिनों तक प्रसादी के रूप में पूरी, बंदिया आदि की व्यवस्था की गई। इस आयोजन के माध्यम से गांव में प्रेम, स्नेह, एकता और भाईचारे का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार दास, उपाध्यक्ष आशुतोष बेरा, सचिव कार्तिक दास सहित अन्य सदस्यों एवं ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Comment