Jamshedpur : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की केन्द्रीय समिति ने बुधवार को पार्टी के नीतियों, कार्यक्रमों और सम-सामयिक मुद्दों पर मीडिया में प्रभावी रूप से पक्ष रखने के लिए प्रवक्ताओं की नई सूची जारी की है। इस सूची में राज्यभर से सक्रिय और अनुभवी नेताओं को शामिल किया गया है, जो मीडिया के समक्ष पार्टी की विचारधारा को मजबूती से रखेंगे।

मुख्यमंत्री सह झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन के नेतृत्व में गठित इस पैनल में कोल्हान प्रमंडल से मनोज कुमार यादव को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। पूर्व रणजी क्रिकेट खिलाड़ी रहे मनोज यादव सामाजिक कार्यों और खेल जगत में भी काफी सक्रिय हैं। वे ऑल इंडिया रेडियो और कई राष्ट्रीय टीवी चैनलों पर खेल विश्लेषक के तौर पर भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और खेल के क्षेत्र में उनके बहुआयामी अनुभव से पार्टी को लाभ मिलने की उम्मीद है।

प्रवक्ताओं की सूची पार्टी के वरिष्ठ नेता विनोद कुमार पांडेय द्वारा हस्ताक्षरित आदेश के साथ जारी की गई। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी प्रवक्ता पार्टी की गरिमा और सिद्धांतों के अनुरूप मीडिया में अपनी भूमिका निभाएंगे। साथ ही, किसी सम-सामयिक मुद्दे पर वक्तव्य देने से पहले केन्द्रीय नेतृत्व से मार्गदर्शन लेना अनिवार्य होगा।

झामुमो द्वारा घोषित पैनल में अन्य प्रमुख नामों में डॉ. सरफराज अहमद (गिरिडीह), विजय हांसदा (साहेबगंज), डॉ. महुआ माजी, विकास कुमार मुंडा, प्रो. अशोक कुमार सिंह, तनुज खत्री (सभी रांची), डॉ. नीलम मिश्रा (धनबाद), धीरज दुबे (गढ़वा), मनोज कुमार यादव (पूर्वी सिंहभूम), मिथिलेश ठाकुर और पंकज मिश्रा शामिल हैं। कुछ सदस्यों के जिलों का विवरण फिलहाल स्पष्ट नहीं किया गया है।

पार्टी का यह प्रवक्ता पैनल राज्य भर में झामुमो की विचारधारा, योजनाओं और कार्यक्रमों को जनमानस तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा और हर संवाद में अनुशासन तथा मर्यादा का पालन करेगा।









