Jamshedpur : जमशेदपुर के केबुल टाउन इलाके में अब हर घर को अलग-अलग बिजली कनेक्शन देने का रास्ता साफ हो गया है। झारखंड उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को एक रिट याचिका पर सुनवाई करते हुए इस संबंध में अंतिम आदेश जारी किया। इसकी जानकारी जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने दी।
श्री राय ने बताया कि उच्च न्यायालय ने एक वर्ष पहले अंतरिम आदेश में यह स्पष्ट कर दिया था कि केबुल टाउन के लोग टाटा स्टील यूआईएसएल (TSUISL) के यहां आवेदन कर अपने घरों के लिए अलग बिजली कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं। यूआईएसएल कनेक्शन देने को तैयार था, लेकिन स्थानीय निवासी उस समय आगे नहीं आए थे।
अब अदालत के अंतिम आदेश के बाद केबुल टाउनवासी कानूनी प्रक्रिया पूरी कर अपने घरों में अलग बिजली कनेक्शन ले सकते हैं। श्री राय ने कहा कि मुझे हार्दिक प्रसन्नता है कि जिस मांग को मैंने जमशेदपुर पूर्वी क्षेत्र का विधायक रहते हुए उठाया था, आज वह पूरी हुई। इसके लिए मैं टाटा स्टील के अधिकारियों को बधाई देता हूं, जिन्होंने इस पूरी प्रक्रिया में सहयोग किया और कोई अड़चन नहीं डाली।
उन्होंने बताया कि विधायक रहते हुए उन्होंने केबुल टाउन में हर घर तक अलग पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराया था। अब बिजली कनेक्शन का मार्ग प्रशस्त होने से यह क्षेत्र बुनियादी सुविधाओं के मामले में एक नया अध्याय लिखेगा।
श्री राय ने कहा कि अब तक केबुल टाउन में 9 वेंडरों के माध्यम से बिजली की आपूर्ति होती थी, जिसके कारण उपभोक्ताओं को महंगी दरों पर बिजली मिलती थी। अब टाउन के निवासी सीधे टीएसयूआईएल के पास आवेदन देकर कनेक्शन ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि उनके सहयोगी इस प्रक्रिया में स्थानीय निवासियों की हरसंभव मदद करेंगे। जरूरत पड़ी तो शिविर लगाकर बिजली कनेक्शन के फॉर्म भी भरवाए जाएंगे।
विधायक ने कहा कि पेयजल और सड़कों की व्यवस्था के बाद अब हर घर में अलग बिजली कनेक्शन का मार्ग प्रशस्त होना एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने उन सभी नागरिकों को बधाई दी जिन्होंने इस आंदोलन में भाग लेकर इसे सफल बनाया।
साथ ही उन्होंने टाटा स्टील यूआईएसएल और दिवालिया केबुल कंपनी के प्रोफेशनल रेज़ोल्यूशन ऑफिसर का भी आभार जताया, जिन्होंने जनहित में सहयोगात्मक भूमिका निभाई और उच्च न्यायालय में रिट याचिका के दौरान रचनात्मक रुख अपनाया।









