
Ranchi : जनता दल (यूनाइटेड) झारखंड प्रदेश इकाई को नया ठिकाना मिल गया है। आज राजधानी रांची स्थित बीआईटी मोड़ पर पार्टी के झारखंड प्रदेश कार्यालय का भव्य उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद श्री खीरू महतो और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक व प्रख्यात जननेता श्री सरयू राय ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आमजन को संबोधित करते हुए विधायक सरयू राय ने पार्टी के संगठनात्मक मजबूती पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि जिलों में प्रवास के दौरान वे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और संगठन को प्रखंड स्तर तक सशक्त बनाने में हरसंभव योगदान देंगे। उन्होंने कहा, “आज देश के सामने जो चरमपंथी ताकतें हैं, उनसे सख्ती से निपटना जरूरी है, लेकिन इसके नाम पर आम जनता को निशाना नहीं बनाना चाहिए।” साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सैन्य नीतियों और भारत की बढ़ती वैश्विक ताकत की भी सराहना की।

सरयू राय ने हाल ही में सेवानिवृत्त डीजीपी अनुराग गुप्ता की पुनर्नियुक्ति पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह जनतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है और इससे आम लोगों में सरकार के प्रति अविश्वास पैदा हो सकता है।
प्रदेश अध्यक्ष श्री खीरू महतो ने अपने संबोधन में संगठनात्मक एकता और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “अगर जिले के पदाधिकारी ईमानदारी से काम करेंगे, तो संगठन निश्चित रूप से विस्तार पाएगा। प्रदेश कार्यालय से अब झारखंड के कोने-कोने से कार्यकर्ता बिना किसी असुविधा के संपर्क स्थापित कर सकेंगे।”

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जनहित के मुद्दों पर आंदोलन की रूपरेखा तैयार करें और जिला स्तर पर प्रभारी पूरी जिम्मेदारी से संगठन के विस्तार में जुटें। कार्यक्रम में पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव और जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने भी संगठन की गतिविधियों और विस्तार पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और नई ऊर्जा के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती देने का संकल्प लिया।