Jamshedpur:झारखंड वासी एकता मंच के तत्वावधान में आगामी 21 जनवरी को बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में आयोजित होने वाले भव्य टुसु मेला को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में सोनारी वेस्ट ले-आउट काली पूजा मैदान स्थित सामुदायिक भवन में एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा तय करते हुए दायित्वों का बंटवारा किया गया।
बैठक की अध्यक्षता मंच के मुख्य संयोजक आस्तिक महतो ने की, जबकि सांसद विद्युत वरण महतो विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में मेले को और अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं गरिमामय बनाने के लिए सदस्यों से सुझाव आमंत्रित किए गए।
सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण पर विशेष फोकस
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने अत्यधिक भीड़ को देखते हुए प्रवेश व निकास व्यवस्था, टुसु प्रतिमा एवं चौड़ल लेकर आने वाले समूहों की सुव्यवस्थित साज-सज्जा, तथा मंच की गरिमा बनाए रखने को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इसके साथ ही वोलेंटियरों को अलग-अलग गेटों पर समूह बनाकर जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया गया।
नशामुक्त मेला रहेगा सख्ती से लागू
आयोजकों ने स्पष्ट किया कि इस वर्ष भी मेला परिसर और उसके आसपास नशे के सेवन व बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हाईटेक निगरानी व्यवस्था
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि टुसु मेला में हर वर्ष भारी भीड़ उमड़ती है, ऐसे में सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि इस बार मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन से निगरानी, और मुख्य मंच के समीप बड़ा एलईडी स्क्रीन लगाया जाएगा, जिससे पूरे मेले की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
वोलेंटियरों को वॉकी-टॉकी, फर्स्ट एड व अन्य सुविधाएं
मुख्य संयोजक आस्तिक महतो ने बताया कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वोलेंटियरों को वॉकी-टॉकी, फर्स्ट एड सुविधा, पूछताछ केंद्र, अग्निशमन वाहन, चलंत शौचालय और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी टुसु प्रतिमा, चौड़ल और बुढ़ी गाड़ी नाच प्रस्तुत करने वाले समूहों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक का संचालन सचिन महतो ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन कमल महतो ने दिया। मौके पर विजय महतो, नारायण महतो, गोपाल महतो, अशोक महतो, कैलाश सिंह सरदार, अशोक सिंह, मनोज महतो, नकुल महतो, प्राण राय, पप्पू सिंह, श्रीनिवास राव, बापी नायक, बाला राव, विनय महतो, सुदर्शन महतो, लालदेव महतो, सत्यनारायण महतो, स्वपन महतो, संतोष महतो सहित बड़ी संख्या में मंच के सदस्य मौजूद रहे।









