Jamshedpur:जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के सीतारामडेरा में विकास कार्यों को नई गति देते हुए सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक पूर्णिमा साहू ने बुधवार को विभिन्न योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। नगर विकास एवं आवास विभाग की निधि से स्वीकृत इन योजनाओं के तहत क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं और धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता दी गई है।
शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में पुराना सीतारामडेरा स्थित भगवान बिरसा मुंडा मंदिर का पुनर्निर्माण तथा जयपाल सिंह मुंडा परिसर में पेवर्स ब्लॉक अधिष्ठापन शामिल है। इसके अलावा जेपी नगर, भुईयांडीह और एग्रिको लाइन नंबर-2 में सड़क एवं नाली निर्माण कार्य की भी शुरुआत की गई।
साथ ही भुईयांडीह स्थित माँ कत्यायनी काली मंदिर के मुख्य मार्ग से मंदिर द्वार तक पेवर्स ब्लॉक बिछाने तथा न्यू बाराद्वारी स्थित सुभाष आश्रम परिसर में भी पेवर्स ब्लॉक अधिष्ठापन कार्य शुरू किया गया। इन सभी योजनाओं पर कुल 28 लाख 86 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस मौके पर सांसद और विधायक ने कहा कि ये योजनाएं क्षेत्र की जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से शुरू की गई हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में जमशेदपुर पूर्वी में विकास कार्यों की रफ्तार और तेज की जाएगी।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, चंद्रशेखर मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, भाजपा नेता दुलाल भुइयां, अरुण मिश्रा, रमेश नाग, रवि गोप, श्याम गोप, बिपिन साहू, नंदलाल पातर, हरिशंकर पंडित, विनोद साव सहित कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।









