शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व सिदगोड़ा सूर्यधाम में निकली भव्य कलश यात्रा, भक्तों का उमड़ा जनसैलाब

SHARE:

Jamshedpur:आस्था और श्रद्धा के अनुपम दृश्य के बीच बुधवार को सिदगोड़ा स्थित सूर्यधाम सिदगोड़ा में श्री शिवलिंग की पुनर्स्थापना व प्राण प्रतिष्ठा, गरुड़ स्तंभ स्थापना तथा मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम मंदिर स्थापना की छठी वर्षगांठ पर आयोजित चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली गई। बैंड-बाजा, भक्तिमय संगीत और “जय श्री राम” के गगनभेदी नारों से पूरा इलाका भक्तिमय हो उठा।

सुबह 8 बजे बागुनहातु डोंगा घाट से प्रारंभ हुई इस कलश यात्रा में हजारों महिलाएं सिर पर कलश और नारियल धारण कर शामिल हुईं। बैंड-बाजे और भक्तिमय डीजे की धुन पर महिलाएं, बच्चे और युवा श्रद्धालु नाचते-झूमते सिदगोड़ा सूर्यधाम परिसर तक पहुंचे। यात्रा के अग्रभाग में टैंकर के माध्यम से पूरे मार्ग में स्वच्छ एवं निर्मल जल का छिड़काव किया गया, जिससे वातावरण पवित्र और उत्सवी बना रहा।

माथे पर तिलक और हाथों में भगवा ध्वज लिए सूर्य मंदिर के पुजारी यात्रा का नेतृत्व कर रहे थे। उनके पीछे सूर्य मंदिर समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास, अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह समेत समिति के पदाधिकारी और सैकड़ों श्रद्धालु चल रहे थे। कलश यात्रा में उमड़े जनसैलाब ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप दे दिया।

इससे पहले बागुनहातु फुटबॉल मैदान में श्रद्धालुओं का एकत्रीकरण हुआ, जहां से डोंगा घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल भरकर संकल्प लिया गया। पुरोहितों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शोभायात्रा बागुनहातु मार्ग से होते हुए सूर्यधाम परिसर पहुंची। वहां शिवालय के चारों ओर कलशों की स्थापना की गई। स्थापना के पश्चात वेदाचार्यों ने प्राण प्रतिष्ठा के निमित्त पंचांग पूजन कराया, जिसमें पांच जजमानों ने सपत्नीक भाग लिया।

मुख्य संरक्षक रघुवर दास ने कहा कि कलश यात्रा में भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। माताओं-बहनों और युवाओं की भारी सहभागिता ने आयोजन को भव्य बना दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से आगामी अनुष्ठानों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि 26 फरवरी को बेदी पूजन, अग्गण्यूतारण एवं अधिवासन अनुष्ठान संपन्न होगा। उसी दिन शाम 4 बजे सूर्य मंदिर से श्री विग्रह का नगर भ्रमण सह शोभायात्रा निकाली जाएगी। 28 फरवरी को प्रातः पूजन, सुंदरकांड पाठ और संध्या में दीपोत्सव के पश्चात महाभंडारा का आयोजन किया जाएगा।

कलश यात्रा में समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, महामंत्री अखिलेश सिंह, अमरजीत सिंह राजा, शैलेश गुप्ता, शशिकांत सिंह, कंचन दत्ता, प्रमोद मिश्रा, गुंजन यादव, टुनटुन सिंह, खेमलाल चौधरी, सुशांत पांडा, राकेश सिंह, अमित अग्रवाल, कुमार अभिषेक, जीवन साहू, नारायण पोद्दार, सतीश सिंह, कर्फ्यू पोद्दार समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें