सिदगोड़ा अमल संघ में पौष पार्वण उत्सव का भव्य आयोजन

SHARE:

Jamshedpur:सिदगोड़ा अमल संघ क्लब के तत्वावधान में रविवार को पौष पार्वण उत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जहां संस्कृति, कला और परंपरा का सुंदर संगम देखने को मिला। क्लब प्रांगण में आयोजित इस उत्सव में सुबह से देर शाम तक उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन सिदगोड़ा थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार तथा समाजसेवी सह यूनाइटेड ह्यूमन राइट्स और एंटी करप्शन सोशल जस्टिस संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रांतिक कुमार दास ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन के साथ ही उत्सव ने रंगीन रूप ले लिया।
उत्सव की शुरुआत बच्चों के लिए आयोजित चित्रांकन प्रतियोगिता से हुई, जिसे चार वर्गों में विभाजित किया गया था। प्रतियोगिता में लगभग 500 बच्चों ने भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की कलाकृतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम स्थल पर 30 से अधिक स्टॉल लगाए गए थे, जिनमें पारंपरिक पिठा, विभिन्न व्यंजन, कपड़े और ज्वेलरी उपलब्ध थे। खासतौर पर पारंपरिक खानपान के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे और देर तक भीड़ लगी रही।
संध्या सत्र में प्रतियोगिता के विजेताओं को झारखंड बंगाबासी समन्वय समिति के अध्यक्ष विकास मुखर्जी द्वारा स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद बंगाल के प्रसिद्ध संगीत शिल्पी अजय बक्शी और संध्या रानी दास ने आधुनिक एवं बाऊल संगीत की मनमोहक प्रस्तुति दी। उनकी सुमधुर गायकी पर श्रोता देर शाम तक झूमते नजर आए।
इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष सामंत कुमार, महासचिव संदीप सिन्हा चौधरी सहित संपा दास गुप्ता, इति बनर्जी, रंजन बनर्जी, बनश्री सरकार, सोमा घोष, शिल्पी सिन्हा, सौमि बोस, संतोष पात्र, तरुण विश्वास, अलक दत्ता, मनोरंजन सरकार, प्रवीर दास, शुभ्रत पात्र, हेमंत दास, देबराज दास, इंद्रनील, आलेख्य, विश्वरूप दास, देबाशीष, उत्पल, सोमा विश्वास, मौसमी सिन्हा, काकली विश्वास, जया सरकार, शुभम, श्रावणी सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कुल मिलाकर पौष पार्वण उत्सव ने सिदगोड़ा में सांस्कृतिक सौहार्द, परंपरा और सामुदायिक सहभागिता की एक यादगार मिसाल पेश की।

Leave a Comment

और पढ़ें