मिस इंडिया 2026 श्रेया अधरजी का भव्य स्वागत, गोल्ड मेडल जीतकर बढ़ाया झारखंड का मान

SHARE:

Jamshedpur:झारखंड की बेटी श्रेया अधरजी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचा जा सकता है। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की महिला फिटनेस (वोमेन्स फिजिक्स) प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रेया ने गोल्ड मेडल जीतकर मिस इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम किया है। इस उपलब्धि से न केवल जमशेदपुर बल्कि पूरे झारखंड में खुशी और गर्व का माहौल है।
सोनारी में हुआ भावपूर्ण सम्मान समारोह

रविवार को सृष्टि महिला विकास सहयोग समिति की अध्यक्ष रानी गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल सोनारी आदर्श नगर स्थित श्रेया अधरजी के आवास पहुंचा। वहां गोल्ड मेडलिस्ट श्रेया का अंगवस्त्र पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य व आत्मीय स्वागत किया गया।
झारखंड की बेटियों के लिए बनी प्रेरणा

इस अवसर पर रानी गुप्ता ने श्रेया की उपलब्धियों को याद करते हुए कहा कि पिछले छह वर्षों में श्रेया ने दो बार राज्य स्तर और तीन बार राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन किया है। हाल ही में लखनऊ में आयोजित प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर मिस इंडिया 2026 का खिताब हासिल करना उनकी मेहनत और लगन का प्रतिफल है।

सरकार से सहयोग की अपील
रानी गुप्ता ने राज्य सरकार से अपील करते हुए कहा कि झारखंड की बेटियों में अपार प्रतिभा है, आवश्यकता है तो केवल उचित मंच, संसाधन और प्रोत्साहन की। यदि सरकार समय पर सहयोग प्रदान करे तो राज्य की बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम और ऊंचा कर सकती हैं।

समिति ने दी शुभकामनाएं
सृष्टि महिला विकास सहयोग समिति ने श्रेया अधरजी को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में वह और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगी।

इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर समिति की सविता कुमारी, तारा शर्मा, दीपा घोष सहित कई अन्य सदस्य मौजूद रहीं, जिन्होंने श्रेया का उत्साहवर्धन किया।

Leave a Comment