Jamshedpur : झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा की पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक जमशेदपुर में आयोजित की गई। बैठक में निजी स्कूलों में री-एडमिशन के नाम पर हर वर्ष ली जा रही फीस को लेकर कड़ा विरोध जताया गया।
बैठक में मोर्चा के नेताओं ने कहा कि राज्यभर में कई निजी स्कूल अभिभावकों से री-एडमिशन शुल्क के नाम पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाल रहे हैं, जिसे तत्काल बंद किया जाना चाहिए। साथ ही जिन स्कूलों ने इस मद में राशि वसूल ली है, उसे छात्रों की मासिक फीस में समायोजित करने की मांग की गई।
मोर्चा ने घोषणा की कि इस मुद्दे को लेकर आगामी 16 अप्रैल को पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय (उपायुक्त कार्यालय) के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में टाइगर जयराम महतो भी शामिल होंगे।
संगठन ने जमशेदपुर एवं आसपास के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे इस मुहिम का समर्थन करें, ताकि उनकी आवाज को मजबूती के साथ प्रशासन तक पहुंचाया जा सके।
बैठक में बिमल महतो, शंकर भक्त, दिनेश महतो, रामदास मुर्मू, गणपति करुआ, राम प्रसाद महतो, राजा कालिंदी, भानुप्रिया महतो, सुलोचना महतो, पूनम महतो, उज्ज्वल महतो, तपन महतो, शमशेर आलम सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










