विधायक पूर्णिमा साहू का प्रयास लाया रंग, मोहरदा जलापूर्ति फेज-3 को तकनीकी स्वीकृति, साकची-एग्रिको फ्लाईओवर को सैद्धांतिक मंजूरी

SHARE:

Jamshedpur: जमशेदपुर पूर्वी के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। मोहरदा जलापूर्ति योजना के फेज-3 के अंतर्गत वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) की क्षमता विस्तार हेतु 50 एमएलडी के नए इंटेक वेल निर्माण को झारखंड सरकार ने 67,36,42,900 रुपये की प्राक्कलित राशि पर तकनीकी स्वीकृति प्रदान कर दी है। राशि निर्गत होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।

जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि विधानसभा सत्र के दौरान उनके द्वारा उठाए गए प्रश्न के उत्तर में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने का आश्वासन दिया है। विधायक ने कहा कि इस योजना के पूर्ण होने से शहर की बड़ी आबादी को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

उल्लेखनीय है कि मोहरदा जलापूर्ति योजना के पुनर्जीविकरण, जीर्णोद्धार, संचालन एवं रख-रखाव का कार्य पीपीपी मोड में संचालित किया जा रहा है। इसमें 60 प्रतिशत व्यय की स्वीकृति टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को लिमिटेड) द्वारा दी गई है, जबकि शेष 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार वहन करेगी।

साकची-एग्रिको फ्लाईओवर को भी मिली सैद्धांतिक मंजूरी
शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में साकची से एग्रिको तक प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण को भी सरकार ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। विधायक पूर्णिमा साहू के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर जवाब देते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि टाटा स्टील लिमिटेड से एनओसी प्राप्त होते ही आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। साथ ही अन्य प्रस्तावित फ्लाईओवर परियोजनाओं पर भी विभागीय स्तर पर कार्यवाही जारी है।

विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि साकची शहर की हृदयस्थली है, जहां बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के साथ-साथ भारी वाहनों का निरंतर आवागमन होता है। इससे आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। फ्लाईओवर निर्माण से यातायात व्यवस्था सुगम होगी और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों को इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए बधाई दी।

इन दोनों परियोजनाओं की स्वीकृति से जमशेदपुर में स्वच्छ जलापूर्ति और बेहतर यातायात व्यवस्था की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें