Jamshedpur: जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत केड़ो गांव के दो फुटबॉल खिलाड़ी मार्शल सोरेन और दुर्गा हेम्ब्रम के हाल ही में कुदादा में हुए सड़क दुर्घटना में निधन के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। इस दुखद घटना के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा नेता ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।
जानकारी के अनुसार, इस घटना की सूचना पलटन मुर्मू द्वारा महाबीर मुर्मू को दी गई थी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए केड़ो गांव पहुंचकर शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवारों को श्राद्धकर्म के लिए सूखा राशन उपलब्ध कराते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
महाबीर मुर्मू ने कहा कि इस कठिन समय में पार्टी और समाज पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है और आगे भी हर संभव सहयोग किया जाएगा।
इस मौके पर मुखिया पलटन मुर्मू, दुर्गा प्रसाद हांसदा, बीरू भुमिज, मनोज तांती, सुनील सोरेन सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
गांव में इस घटना के बाद शोक की लहर है और लोग दिवंगत खिलाड़ियों को याद कर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।









