Jamshedpur:जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर विधायक मंगल कालिंदी पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। शनिवार को उन्होंने साकची स्थित अपने कार्यालय में बोड़ाम और पटमदा प्रखंड से आए झामुमो नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक का उद्देश्य क्षेत्र में चल रही योजनाओं की प्रगति, जनकल्याणकारी कार्यों और संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा करना रहा।
कड़ाके की ठंड को देखते हुए विधायक ने ग्रामीणों को राहत पहुंचाने के लिए 1200 कंबलों का वितरण किया और निर्देश दिया कि कार्यकर्ता प्रत्येक गांव में जाकर जरूरतमंद बुजुर्गों तक कंबल अविलंब पहुंचाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र बुजुर्ग ठंड से वंचित न रहे, यह सुनिश्चित करना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
बैठक के दौरान विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए संकल्पित है। बोड़ाम और पटमदा क्षेत्र के ग्रामीणों को माचा अस्पताल और डिग्री कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। अब जल्द ही 228 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली शुद्ध पेयजल योजना का लाभ भी ग्रामीणों को मिलेगा, जिससे वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का समाधान होगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि “हर खेत तक पानी पहुंचे”, ताकि किसानों की आय और रोजगार के अवसर बढ़ सकें। विधायक ने झामुमो कार्यकर्ताओं से जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, संगठन की गरिमा बनाए रखने और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की।
बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और विधायक के निर्देशों का पालन करने का भरोसा जताया।









