तेज रफ्तार का कहर: बर्मामाइंस में ऑटो–टेलर टक्कर, एक की मौत, दो की हालत नाजुक

SHARE:

Jamshedpur:शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत सुनसुनिया गेट के पास रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

नियंत्रण खोकर टेलर से टकराया ऑटो
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेशन से साकची की ओर जा रही एक पैसेंजर ऑटो तेज रफ्तार में थी। अचानक चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और सड़क पार कर रहे मालवाहक टेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर मलबा बिखर गया।

तीन यात्री थे सवार
हादसे के समय ऑटो में कुल तीन यात्री सवार थे। टक्कर के बाद एक यात्री ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

नशे में था ऑटो चालक
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ऑटो चालक शराब के नशे में था और तेज गति से वाहन चला रहा था। चालक को भी हल्की चोटें आई हैं। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

यह हादसा एक बार फिर शहर में नशे में ड्राइविंग और तेज रफ्तार पर सख्ती की जरूरत को उजागर करता है। समय रहते यदि लापरवाही पर लगाम न लगी, तो ऐसे हादसे यूं ही मासूम जिंदगियां निगलते रहेंगे।

Leave a Comment