बिरसानगर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के विस्तार की मांग, विधायक पूर्णिमा साहू ने स्वास्थ्य मंत्री से की मुलाकात

SHARE:

Jamshedpur:जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने बिरसानगर (जोन-05) स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के विस्तार को लेकर राज्य सरकार से ठोस पहल की मांग की है। उन्होंने झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से उनके विधानसभा कक्ष में मुलाकात कर अतिरिक्त भवन निर्माण एवं चहारदीवारी की ऊंचाई बढ़ाने की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।

विधायक पूर्णिमा साहू ने सौंपे गए पत्र में उल्लेख किया है कि बिरसानगर जोन-05 स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में वर्तमान भवन उपलब्ध है, लेकिन बढ़ती मरीजों की संख्या और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के कारण मौजूदा संरचना अब अपर्याप्त साबित हो रही है। भीड़भाड़ के समय मरीजों को समुचित स्थान नहीं मिल पाता, वहीं स्वास्थ्यकर्मियों को भी कार्य निष्पादन और विभागीय बैठकों के संचालन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने बताया कि असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा पत्रांक NUHM/2023/789 दिनांक 20 सितंबर 2025 के माध्यम से भी अतिरिक्त भवन निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया गया है। पत्र में यह स्पष्ट किया गया है कि वर्तमान भवन के सामने पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, जहां नए भवन का निर्माण संभव है।

विधायक ने यह भी कहा कि स्वास्थ्य केन्द्र की परिसंपत्तियों को असामाजिक तत्वों से सुरक्षित रखने के लिए चहारदीवारी की ऊंचाई बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिरसानगर क्षेत्र की बड़ी आबादी इस स्वास्थ्य केन्द्र पर निर्भर है, इसलिए आधारभूत संरचना का सुदृढ़ होना समय की मांग है।

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने विधायक को आश्वस्त किया कि प्रस्तुत मांगों पर विभाग स्तर से शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें