Jamshedpur:पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। उपायुक्त के स्पष्ट निर्देश पर जिला खनन कार्यालय द्वारा लगातार चलाए जा रहे छापेमारी अभियान के तहत बीते दिनों कई बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 18 दिसंबर की मध्य रात्रि घाटशिला क्षेत्र में बिना वैध परिवहन चालान के अवैध रूप से पत्थर चिप्स ले जा रहे हाइवा वाहन संख्या JH09AT 9118 को पकड़ा गया। वाहन को तत्काल जब्त कर घाटशिला थाना को सुपुर्द कर दिया गया है, वहीं संबंधित मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इसी कड़ी में 19 दिसंबर 2025 को बिरसानगर स्थित स्वर्णरेखा बालू घाट से अवैध रूप से बालू का परिवहन कर रहे वाहन संख्या JH05DT 8284 को भी प्रशासन ने जब्त कर बिरसानगर थाना को सौंप दिया। छापेमारी के दौरान अवैध बालू उठाव में प्रयुक्त चचड़ी एवं अन्य अस्थायी संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया गया, ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
इसके अलावा, एक अन्य अहम कार्रवाई में 16 दिसंबर 2025 को बहरागोड़ा अंचल से लगभग 15,000 घन फीट अवैध रूप से भंडारित बालू जब्त किया गया। इस मामले में भी संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसी कार्रवाइयाँ आगे भी निरंतर और सख्ती से जारी रहेंगी।









