Manoharpur:कोल्हान प्रमंडल के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत इचापीड़ गांव में कुड़मी समाज की ओर से आयोजित एकदिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। प्रतियोगिता का आयोजन नव युवक संघ, इचापीड़ द्वारा किया गया, जिसमें कुल 16 टीमों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
इस खेल महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में युवा आंदोलनकारी नेता अमित महतो शामिल हुए। नव युवक संघ इचापीड़ के सदस्यों एवं समाज के वरिष्ठ अभिभावकों ने पारंपरिक तरीके से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और समाज के हर सकारात्मक आयोजन में सहयोग के लिए आभार प्रकट किया।
प्रतियोगिता के दूसरे राउंड के दूसरे मुकाबले से पूर्व मुख्य अतिथि अमित महतो ने आम बगान एफसी इचापीड़ एवं देशी स्ट्राइकर केंदूसाईं की टीमों के खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
अपने संबोधन में अमित महतो ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि अनुशासन और सकारात्मक सोच भी सिखाता है। उन्होंने समाज के युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए नशा छोड़कर लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
उन्होंने झारखंड सरकार द्वारा लागू पेसा कानून की जानकारी देते हुए कहा कि पांचवीं अनुसूची क्षेत्रों में अब ग्रामसभा सशक्त हुई है और गांव अपने जल, जंगल और जमीन की रक्षा स्वयं कर सकता है। इससे ग्रामीणों को प्रशासनिक शोषण से मुक्ति मिलेगी और स्वशासन मजबूत होगा। साथ ही उन्होंने युवाओं से कुड़माली भाषा, नेगचारी परंपरा और कुड़मी संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए आगे आने का आग्रह किया।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला XYZ एफसी और XXZ एफसी के बीच खेला गया, जो रोमांचक संघर्ष के बाद 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर CCC एफसी ने ट्रॉफी अपने नाम की।
इस अवसर पर समाजसेवी बंधन महतो, कोकिल महतो, प्रदीप महतो, ओंकार महतो, गोवर्धन महतो, द्वेष महतो, संकीर्तन, राजेश, मुनीराम, हरिलाल, सुरेश महतो, योगेंद्र जी, सोहन महतो, सुमित, निर्मल महतो सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।









