Jamshedpur : अवैध बालू खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ईचागढ़ अंचल अधिकारी दीपक प्रसाद ने शनिवार को पातकुम मोड़ और ईचागढ़ थाना क्षेत्र के समीप स्थित चेकनाकों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तैनात पुलिस एवं राजस्व कर्मियों से वाहन जांच में पूरी सतर्कता बरतने तथा संबंधित अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अंचल अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि कंटेनर, ट्रक और ट्रैक्टर जैसे भारी वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि बिना अनुमति या अवैध तरीके से बालू ढोने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि जांच कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी, और आवश्यक हुआ तो दोषी कर्मियों के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र में लगातार मिल रही अवैध खनन की शिकायतों के मद्देनज़र प्रशासन की यह कार्रवाई स्थानीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि चेकनाकों पर निगरानी बढ़ने से अवैध खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।









