Chaibasa : मकर संक्रांति के पावन अवसर पर बोकना स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पर्व के दूसरे दिन 15 जनवरी को भी मंदिर परिसर में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। परंपरा के अनुसार कुछ श्रद्धालुओं ने 14 जनवरी को जबकि कई भक्तों ने 15 जनवरी को मकर संक्रांति का पर्व श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया।
इस अवसर पर पंचमुखी हनुमान मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी, चूड़ा-दही एवं तिलकुट का वितरण किया गया। वहीं कुसुम घाट स्थित शिव मंदिर परिसर में भी श्रद्धालुओं को विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते देखा गया। मकर संक्रांति के मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कारो नदी में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
मकर संक्रांति को लेकर मंदिर कमेटी की ओर से भव्य मेले का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए मिक्की माउस सहित विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए, जिनका बच्चों ने खूब आनंद उठाया।
धार्मिक वातावरण को और भक्तिमय बनाने के उद्देश्य से मिथिला के जनकपुर से आए पांच पुरोहितों के साथ आचार्य रोशन झा के नेतृत्व में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस में सराबोर हो गया। संध्या के समय मंदिर कमेटी की ओर से भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया।
इसके अलावा बच्चों के लिए बूगी-बूगी डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को 16 जनवरी को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सुदीप दास के साथ समीर पाठक, मुकेश लाल, गणेश दास, रेणु देवी, राजा बिहारी, राजा महापात्रो, हरजीवन कश्यप, भानु चंद्र दास, संतोष बेहरा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









