बोरियो: अंचल क्षेत्र के बिशनपुर पंचायत अंतर्गत छोटा बनगांवा गांव में सोमवार को गौचर भूमि पर बने मकानों और झोपड़ियों को अतिक्रमण मुक्त किया गया। जहां बताया गया कि थाना नंबर 90 के जमाबंदी संख्या 56, दाग संख्या 268 व 340 की कूल चार बीघा सोलह कट्ठा तीन धुर, गौचर (गैरमजूरवा दीगर) भूमि पर कूल 18 परिवारों ने अवैध रूप से अतिक्रमण कर पक्का मकान और झोपड़ी का निर्माण किया था। उधर पूर्व में गौचर भूमि का अतिक्रमण किए जाने के बाद कई ग्रामीणों ने तत्कालीन अंचलाधिकारी, उसके बाद तत्कालीन उपायुक्त को अवैध निर्माण हटाने का आवेदन दिया था जिसके बाद बोरियो अंचल कार्यालय से उक्त जमाबंदी के संपूर्ण जमीन की नापी करवा कर अतिक्रमण करने वाले परिवारों को नोटिस जारी किया गया था। वही अवैध अतिक्रमण करने वाले परिवारों में से दो परिवारों ने जमीन खाली कर दिया था लेकिन बाकी 18 परिवार वहीं जमे रहे। जहां सरकारी नियमानुसार अंतिम चरण के नोटिस तामिला की कार्यवाही पूर्ण कर अवैध निर्माण हटाने का आदेश दिया गया था। वही कई बार नोटिस मिलने के बावजूद अवैध निर्माणों को परिवारों ने नहीं हटाया था जिसके बाद इसी सप्ताह बोरियो अंचल के अंचलाधिकारी नागेश्वर साव ने माइकिंग करवा कर अवैध निर्माणों तोड़ने का आदेश दिया था। उधर ग्राम प्रधान इंदिरा देवी ने भी अतिक्रमण हटाने को लेकर परिवारों से कहा था लेकिन किसी ने भी अपना अवैध निर्माण नहीं हटाया जिसके बाद सोमवार को बोरियो अंचलाधिकारी के नेतृत्व में अंचल अमीन राजेश ठाकुर, राजस्व कर्मचारी, चौकीदार की पूरी टीम दलबल के साथ छोटा बनगांवा पहुंची। जहां अतिक्रमित मकान और कच्चे मकानों को हटाने के लिए बुलडोजर को भी लाया गया। इसी क्रम में कई महिलाओं ने अतिक्रमण हटाने का विरोध भी किया। इस बीच अंचल कर्मियों और अतिक्रमण करने वाले परिवारों के बीच हल्की बहसबाजी भी हुई। जहां विरोध को देखते हुए बोरियो पुलिस के जवानों को भी बुलाया गया। इसके बाद फिर अंचलाधिकारी के निर्देशानुसार बुलडोजर से सभी अतिक्रमण किए गए मकानों और झोपड़ियों को हटा दिया गया।









