Guwa:गुवा साईं गांव में पारंपरिक आदिवासी आस्था, संस्कृति और सामुदायिक एकता का प्रतीक मागे पर्व वर्ष 2026 में पूरे विधि-विधान के साथ मनाया जाएगा। गांव के दिउरी श्री सुशील पूर्ति की अध्यक्षता में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि मुख्य मागे पर्व का आयोजन 12 और 13 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
बैठक में शामिल ग्रामीणों के चेहरों पर उत्साह साफ झलक रहा था। गांव की चौपाल में हुई इस बैठक के दौरान पर्व से जुड़े सभी पारंपरिक अनुष्ठानों की तिथियां तय की गईं। दिउरी सुशील पूर्ति ने बताया कि मागे पोरोबा की तैयारियां 8 फरवरी 2026 से प्रारंभ होंगी, जो लगातार आठ दिनों तक विभिन्न परंपरागत कार्यक्रमों के साथ संपन्न होंगी।
मागे पर्व 2026 : दिनवार कार्यक्रम
8 फरवरी — अनादेर
9 फरवरी — गउमहरा
10 फरवरी — ओतेइलि
11 फरवरी — हे: साकम एवं लेटे कोसोवा
12 फरवरी — गुरी मांगे
13 फरवरी — मागे मरंग
14 फरवरी — जतरा व बासी
15 फरवरी — हर मगेया
बैठक में ग्रामीण मुंडा श्री मंगल पूर्ति, वार्ड सदस्य सुमित्रा पूर्ति, मंगल सिंह पूर्ति सहित गांव के कई वरिष्ठ एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं डकुवा जगमोहन पूर्ति, विकास पूर्ति, टीनू पूर्ति, कानू पूर्ति, मोहना पूर्ति, लंका पूर्ति, राज पूर्ति, जॉन चम्पिया समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि मागे पर्व केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति, पूर्वजों और समाज के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। बैठक के समापन पर गांव में पारंपरिक उल्लास का माहौल देखने को मिला और सभी ने एकजुट होकर आयोजन को भव्य बनाने का भरोसा जताया।









