इलाज के दौरान 25 वर्षीय विवाहिता की मौत, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

SHARE:

Guwa:गुवा रेलवे मार्केट निवासी नरेश गोप की 25 वर्षीय विवाहिता बेटी अंजली देवी की गुरुवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। अंजली देवी दो बच्चों की मां थीं। घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 9 बजे अंजली देवी के पेट में अचानक तेज जलन और दर्द की शिकायत हुई। हालत बिगड़ते देख परिजन उन्हें तत्काल गुवा सेल अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा इलाज शुरू किया गया, लेकिन कुछ ही देर में उनकी तबीयत और बिगड़ती चली गई और इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गुवा पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया गया।
इस संबंध में गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Leave a Comment