Ghatshila:घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की सरगर्मी के बीच सोमवार को झामुमो ने गोराईपाड़ा में अपनी चुनावी रणनीति को धार देने के लिए एक महत्वपूर्ण बूथ कमेटी बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर और जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने संयुक्त रूप से की। इसमें क्षेत्र के सात बूथों के BLA और बूथ अध्यक्ष मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत जोश और नारेबाजी के बीच हुई। कार्यकर्ताओं में जीत का उत्साह साफ झलक रहा था।
संगठन के युवा नेता कौशिक सिन्हा ने कहा, “बूथ सहयोगियों की भूमिका ही संगठन की रीढ़ है। अगर हर बूथ मजबूत रहेगा तो जीत निश्चित है। हमें जनता से संवाद बढ़ाना होगा — क्योंकि जनता अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ना चाहती है।”
अपने संबोधन में पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं को बताने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “झामुमो सरकार ने महिलाओं, किसानों, मजदूरों के लिए जो काम किया है, उसे जनता तक पहुंचाना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। मतदान के दिन अधिक से अधिक लोगों को बूथ तक लाना ही जीत की कुंजी है।”
वहीं विधायक मंगल कालिंदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “विपक्ष के पास पैसा है, पर हमारे पास जनता का विश्वास है। वे चुनाव के समय नोट बाँटेंगे, लेकिन हमारी सरकार ने पूरे राज्य में सम्मान बाँटा है — पेंशन, सहायता और योजनाओं के रूप में।”
बैठक में काजल डॉन, कौशिक सिन्हा, सोमेन मिश्रा, मोहम्मद जलील, योजन किस्कू, मनोज सिंह, संदीप देवगम समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में संगठन की मजबूती और बूथ-स्तर पर मजबूत जनसंपर्क अभियान चलाने पर विस्तृत चर्चा हुई।









