Jamshedpur: गोलमुरी थाना क्षेत्र के न्यू केबुल टाउन में रविवार तड़के चोरी की बड़ी वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा के आवास पर अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए हजारों की नकदी और मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 4 बजे की है। जब परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में थे, तभी चोर घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे और सीधे कमरों में पहुंच गए। उन्होंने टेबल पर रखे दो मोबाइल फोन और कपड़ों में रखी करीब 16,000 रुपये नकद व 400 अमेरिकी डॉलर (लगभग ₹35,000) चोरी कर लिए। वहीं भाजपा नेता प्रेम झा की जीन्स से भी ₹1,900 नकद उड़ा लिए गए।
चोर वारदात के बाद कपड़े और पर्स छत पर ले गए, वहीं से नकदी निकालकर कपड़े वहीं फेंक दिए। सुबह जब परिवार जागा, तो कपड़े छत पर बिखरे देख घटना का पता चला।
विधायक पूर्णिमा साहू ने ली जानकारी, दिए सख्त निर्देश
घटना की खबर मिलते ही जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू मौके पर पहुंचीं। उन्होंने प्रेम झा और परिजनों से पूरी जानकारी ली तथा गोलमुरी थाना प्रभारी से बात कर मामले की त्वरित जांच व पूरे केबुल टाउन क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए।
साथ ही, उन्होंने जमशेदपुर अक्षेस के अधिकारियों को इलाके में बंद हाईमास्ट लाइटों के मरम्मतीकरण के निर्देश भी दिए।
इस दौरान विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, भाजपा नेता मोहन कुमार, राकेश राव, प्रेम प्रकाश दुबे, राकेश झा समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्थानीयों में बढ़ी असुरक्षा की भावना
न्यू केबुल टाउन में पिछले कुछ महीनों से चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। लोगों का कहना है कि बंद पड़ी केबुल कंपनी परिसर से रोजाना कलपुर्जों और पुराने सामानों की चोरी होती है, लेकिन पुलिस की गश्ती बेहद सीमित है।
रहवासी अब इलाके में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग और टाइगर मोबाइल गश्त बहाल करने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे
प्रेम झा ने इस संबंध में गोलमुरी थाना में लिखित शिकायत दी है। शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांची जा रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।
भाजपा नेता प्रेम झा ने कहा —
“क्षेत्र में पहले भी कई घरों में चोरी हो चुकी है। पुलिस को चाहिए कि कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करे ताकि लोगों में सुरक्षा की भावना वापस लौट सके।”









