Ghatshila:प्रत्येक व्यक्ति की अपने समाज, संस्कृति और परंपरा को संवारने की जिम्मेदारी होती है। इसी भावना को साकार करते हुए भाजपा नेत्री एवं समाजसेवी डॉ. सुनीता देबदुत सोरेन ने मकर संक्रांति एवं टुसू पर्व के अवसर पर घाटशिला प्रखंड के सुदूर ग्रामीण क्षेत्र झाटीझरना पंचायत में महिलाओं एवं मुंडारी डांस ग्रुप के सदस्यों के बीच साड़ी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, युवतियां एवं सांस्कृतिक दल के सदस्य उत्साहपूर्वक शामिल हुए। इस मौके पर डॉ. सुनीता देबदुत सोरेन ने उपस्थित ग्रामीणों को मकर संक्रांति एवं टुसू पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि टुसू और मकर संक्रांति जैसे पर्व हमारी सामाजिक एकता, सांस्कृतिक पहचान और आपसी भाईचारे के मजबूत स्तंभ हैं। ये पर्व समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि आदिवासी संस्कृति, लोक परंपराएं और लोकनृत्य हमारी पहचान हैं, जिन्हें संरक्षित करना और भावी पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। डॉ. सोरेन ने महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण पर बल देते हुए कहा कि इस दिशा में आगे भी ऐसे सामाजिक कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और खुशियों की रोशनी पहुंच सके।
साड़ी वितरण कार्यक्रम से ग्रामीण महिलाओं में विशेष उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली। कार्यक्रम में भाजपा नेता संजय महाकुड, पंचायत समिति सदस्य बेहुला मुंडा, विजय सिंह, विकास सोई, सुटिधर मुंडा, रविन सिंह, दुर्गा मुंडा, विशाल मुंडा, सुरेश मानकी सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।









