Ghatshila:घाटशिला उपचुनाव में महागठबंधन प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन के समर्थन में झारखंड सरकार की मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की ने मंगलवार को मऊभंडार, भुईयापाड़ा और काशिदा क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया।
मऊभंडार में मंत्री ने सामाजिक प्रतिनिधियों से मुलाकात की और तीर-धनुष छाप पर वोट देने की अपील की। स्थानीय लोगों ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इसके बाद उन्होंने घाटशिला चुनाव कार्यालय पहुंचकर कांग्रेस नेताओं, युवा कांग्रेस, अल्पसंख्यक विभाग और प्रखंड पदाधिकारियों के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा,
“हर घर तक महागठबंधन की नीतियों को पहुंचाएं, यही जनता की सच्ची सेवा है।”
उन्होंने आगामी 17 नवंबर को रांची में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए प्रखंड अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों और कार्यकारी अध्यक्षों को प्रवेश पत्र भी सौंपे।
भुईयापाड़ा में आयोजित जनसभा में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं — मइया सम्मान योजना, कृषि ऋण माफी, 200 यूनिट बिजली बिल माफी, सावित्रीबाई फुले छात्रवृत्ति योजना — का उल्लेख करते हुए कहा कि झारखंड सरकार जनता के हित में निरंतर काम कर रही है। उन्होंने जनता से अपील की,
“इन योजनाओं को याद रखिए और तीर-धनुष पर वोट देकर हमारी जनसेवा को आगे बढ़ाइए।”
दिवस का समापन उन्होंने काशिदा ग्राम और प्रतिमा क्रिएटिव नर्सरी में माताओं-बहनों से संवाद के साथ किया, जहां उन्होंने महिलाओं को भी राजनीतिक सहभागिता बढ़ाने का संदेश दिया।
इस मौके पर प्रखंड अध्यक्ष सत्यजीत सीट, प्रदेश सचिव काल्टू चक्रवर्ती, वरिष्ठ नेता तापस चटर्जी, राजकिशोर यादव, शशि कुमार सिन्हा, संजय सिंह आजाद, अमित श्रीवास्तव, अमरजीत नाथ मिश्र, जितेंद्र सिंह, रंजन बाजराय, और विश्वनाथ कालिंदी सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।









