स्व. रामदास सोरेन के अधूरे सपनों को पूरा करने की अपील — पूर्व पार्षद ने ग्रामीणों से किया संवाद

SHARE:

Jamshedpur : आगामी घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। स्वर्गीय रामदास सोरेन के अधूरे विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और उनकी सोच को साकार करने के उद्देश्य से झामुमो नेताओं ने गुरुवार को क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा किया तथा ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया।

पूर्व पार्षद पिंटू दत्ता के नेतृत्व में झामुमो प्रतिनिधिमंडल ने पार्टी प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन के समर्थन में कई गांवों का भ्रमण किया। देर शाम तक चले इस जनसंपर्क अभियान के दौरान नेताओं ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और झामुमो की प्रतिबद्धताओं से उन्हें अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व पार्षद मोहन कर्मकार ने कहा कि स्व. रामदास सोरेन ने घाटशिला के सर्वांगीण विकास के लिए कई योजनाओं को धरातल पर उतारा था और वे हमेशा जनता के सुख-दुःख में सहभागी रहे। उन्होंने कहा कि अब जनता का दायित्व है कि उनके अधूरे सपनों को साकार करने के लिए उनके सुपुत्र सोमेश चंद्र सोरेन को विधानसभा भेजे।

पिंटू दत्ता ने भी ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि 11 नवंबर को होने वाले उपचुनाव में क्रम संख्या 02 पर तीर-धनुष के निशान पर मतदान कर झामुमो प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाएं।

जनसंपर्क अभियान के दौरान गांवों में झामुमो प्रत्याशी के समर्थन में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। इस मौके पर नरोत्तम, रवि डोरा, अर्जुन सोरेन, हरादन मुर्मू, छोटा धीबर, अर्जुन धीबर, डोम धीबर सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment