Rajnagar:राजनगर प्रखंड के बन्दोडीह में ईचा डैम आंदोलन के प्रणेता एवं पूर्व सैनिक Gangaram Kalundia के 44वें शहादत दिवस के अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान सह निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ईचा खरकाई बांध विरोधी संघ एवं कोल्हान सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद गंगाराम कालुंडिया के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया।
शिविर के दौरान कुल 50 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जिसे जमशेदपुर एवं सरायकेला ब्लड बैंक में जमा कराया गया। साथ ही, आयोजित नेत्र जांच शिविर में 42 लोगों की आंखों की जांच की गई। इसके अलावा, एसटी, एससी, ओबीसी एवं अल्पसंख्यक रोजगार शिविर तथा State Bank of India द्वारा लगाए गए स्टॉल में 17 लोगों के बैंक खाते भी खोले गए।
इस मौके पर ईचा खरकाई बांध विरोधी संघ के संयोजक दासकन कुदादा ने कहा कि शहीद कालुंडिया ने ईचा डैम के खिलाफ आदिवासी मूलवासियों के अस्तित्व की रक्षा के लिए संघर्ष किया था और इसी लड़ाई में वे पुलिस गोलीकांड में शहीद हो गए। उन्होंने कहा कि जब तक यह “विनाशकारी डैम” रद्द नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अंतोषी महतो, भरत कुम्हार, सुभाष महतो, सावन महतो, दुर्गा महतो, मनसा बोदरा, नानू आल्डा, सुरेश सोय, सपन महतो, सुप्रिया महतो, सुजाता महतो, रिंकी महतो, बबलू महतो, प्रदीप महतो, अजय बारदा एवं चन्द्रय टुडू सहित कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
यह आयोजन न केवल शहीद को श्रद्धांजलि देने का माध्यम बना, बल्कि समाज सेवा और जनजागरूकता का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत किया।







