Jamshedpur. :जैसे-जैसे तापमान चढ़ रहा है, वैसे ही बागबेड़ा के अलग-अलग पंचायतों में पीने के पानी की मांग तेजी से बढ़ रही है। इस स्थिति को देखते हुए जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की पहल पर कई इलाकों में टैंकर के माध्यम से शुद्ध पीने के पानी का वितरण शुरू किया गया है।
गुलाब बाड़ी में पहुंचा बड़ा पानी टैंकर
बागबेड़ा उत्तर-पूर्वी पंचायत की मुखिया नीनू कुदादा के अनुरोध पर पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने अपने बड़े पानी टैंकर को आनंद नगर स्थित गुलाब बाड़ी इलाके में भेजा। स्थानीय उपमुखिया सुरेश निषाद की देखरेख में लोग कतार में लगकर शांति से पानी भरते देखे गए।
पश्चिम बागबेड़ा में समाजसेवी विजय सिंह की देखरेख में वितरण
पश्चिम बागबेड़ा पंचायत की मुखिया जमुना हांसदा की पहल पर प्रधान टोला में छोटा टैंकर भेजा गया, जहां समाजसेवी विजय सिंह की निगरानी में शुद्ध पेयजल का वितरण किया गया।
बागबेड़ा कॉलोनी में दो जगहों पर टैंकर से पानी आपूर्ति
पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता और उप मुखिया संतोष ठाकुर की देखरेख में बागबेड़ा कॉलोनी में भी दो प्रमुख जगहों पर पेयजल टैंकर भेजा गया।
शांति निकेतन स्कूल के बगल में बड़ा टैंकर लगाया गया।
गणेश पूजा मैदान में छोटा टैंकर से पानी वितरित हुआ।
आने वाले दिनों में और इलाकों में होगी आपूर्ति
बुधवार को बागबेड़ा मध्य पंचायत की मुखिया उमा मुंडा और दक्षिण बागबेड़ा पंचायत की मुखिया धनु माड़ी के क्षेत्र में भी पानी की जरूरत को ध्यान में रखते हुए चिन्हित स्थानों पर टैंकर भेजा जाएगा।
राजकुमार सिंह ने दी गर्मी भर पानी वितरण की गारंटी
इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने कहा कि,
> “गर्मी भर बागबेड़ा के हर जरूरतमंद क्षेत्र में स्थानीय मुखिया की पहचान के आधार पर बड़ा और छोटा टैंकर भेजा जाएगा ताकि किसी को पीने के पानी की समस्या न हो।”
पंचायत समिति सदस्य ने जताया आभार
सुनील गुप्ता ने शादी, त्योहार, श्राद्ध और अन्य अवसरों पर मुफ्त शुद्ध पानी उपलब्ध कराने को लेकर बागबेड़ा की जनता की ओर से राजकुमार सिंह का धन्यवाद किया और उनके सहयोग की सराहना की।









