Jamshedpur : पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न एवं झारखंड राज्य के जनक श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गुरुवार को एग्रीको स्थित अपने आवासीय कार्यालय में अटल जी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर रघुवर दास ने अटल बिहारी वाजपेयी को सुशासन का प्रतीक, संवैधानिक मूल्यों का सजग प्रहरी और राष्ट्र निर्माण का दूरदर्शी नेता बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी ने वर्षों से चली आ रही जनभावना का सम्मान करते हुए झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिया, जिसके लिए झारखंडवासी सदैव उनके ऋणी रहेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी का शासनकाल टेलीकॉम क्षेत्र में ऐतिहासिक क्रांति, झारखंड सहित तीन नए राज्यों के गठन, परमाणु परीक्षण के माध्यम से राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूती, तथा अंत्योदय अन्न योजना, सर्व शिक्षा अभियान, किसान क्रेडिट कार्ड और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।
रघुवर दास ने कहा कि अटल जी की विचारधारा, उनके आदर्श और राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों, विशेषकर युवाओं को सदैव प्रेरित करता रहेगा। अटल जी का जीवन और कृतित्व भारतीय लोकतंत्र और राष्ट्र सेवा की अमूल्य धरोहर है।









