मनोहरपुर। शिक्षा विभाग की क्षेत्रीय शिक्षा अधिकारी शालिनी डुंगडुंग के स्थानांतरण के अवसर पर गुरुवार को मनोहरपुर प्रखंड में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रखंड क्षेत्र के बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षा विभाग से जुड़े पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली छात्रों द्वारा शालिनी डुंगडुंग का स्वागत कर उन्हें सम्मानपूर्वक मंच पर बैठाने के साथ हुई। इस दौरान शिक्षकों और उपस्थित लोगों ने उनके कार्यकाल के अनुभव साझा किए तथा उनके सरल एवं सहज व्यक्तित्व की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
बताया गया कि शालिनी डुंगडुंग वर्ष 2022 से मनोहरपुर क्षेत्र में शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने शिक्षकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर विभागीय कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षकों के बीच उनकी पहचान एक सरल, सहज और मिलनसार अधिकारी के रूप में रही।
समारोह में शिक्षकों ने कहा कि शालिनी डुंगडुंग अपने कार्यों में ईमानदारी और पारदर्शिता को प्राथमिकता देती थीं। उन्होंने शिक्षकों को भी भ्रष्टाचार से दूर रहकर पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उनकी कार्यशैली और व्यवहार की शिक्षकों ने विशेष रूप से सराहना की।
स्थानांतरण के बाद अब शालिनी डुंगडुंग दूसरे जिले में अपनी सेवाएं देंगी। विदाई समारोह के दौरान सहकर्मियों ने कहा कि उनका मार्गदर्शन, सरल व्यवहार और कार्यशैली लंबे समय तक याद रहेगी। भावुक माहौल में सभी ने उन्हें नए कार्यस्थल के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर बीपीओ संतोष गुप्ता, बीआरपी यशवंत कटियार, सीआरपीएफ शेखर चौधरी, गोपाल तांती, रोशन लाल, अलीश कुजूर, अमरेश विश्वकर्मा, इमानुएल लकड़ा, मालती नाग, सीमा मुंडारी, नीता चेरोवा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन द्वारिका दास एवं अलीश कुजूर ने किया।
















