आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास का कांग्रेस पर तीखा हमला

SHARE:

Jamshedpur  : आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे जनजागरण अभियान के तहत बुधवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर कार्यालय, साकची में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री रघुवर दास ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा प्रहार करते हुए आपातकाल को लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय बताया।

पूर्व मुख्यमंत्री श्री दास ने कहा कि “25 जून 1975 की रात इंदिरा गांधी ने सत्ता बचाने के लिए संविधान को रौंद डाला, प्रेस की स्वतंत्रता को छीन लिया, न्यायपालिका को अपमानित किया और पूरे देश को जेलखाना बना दिया। कांग्रेस को आज लोकतंत्र की बात करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।”

उन्होंने विस्तार से बताया कि 12 जून 1975 को इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा इंदिरा गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करने के बाद उन्होंने बिना कैबिनेट की मंजूरी के आपातकाल लागू करवा दिया और पूरे देश में अंधकार और भय का माहौल बना दिया गया। लाखों निर्दोषों को जेल में ठूंसा गया, प्रेस पर सेंसरशिप लगी और मौलिक अधिकार समाप्त कर दिए गए।

अपने संघर्ष की यादें साझा करते हुए श्री दास ने कहा कि वे भी आपातकाल के दौरान जेल भेजे गए थे। छात्र संघर्ष समिति से जुड़ने के कारण उन्हें गिरफ्तार कर पहले जमशेदपुर जेल और फिर गया सेंट्रल जेल भेजा गया। “मैं उस समय 18-19 वर्ष का युवा था, कॉलेज में नया-नया दाखिला लिया था। मेरी मां ने मेरे संघर्ष को अपना आशीर्वाद दिया, और वह समय मेरे जीवन का निर्णायक मोड़ बना।”

उन्होंने बसंत टॉकीज के पास छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस फायरिंग, शहीद छात्रों की याद और लोकनायक जयप्रकाश नारायण के जमशेदपुर आगमन को भी याद किया। कहा कि 1977 में जनता ने तानाशाही कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंका।

श्री दास ने केंद्र सरकार से अपील की कि जैसे स्वतंत्रता आंदोलन को पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है, वैसे ही आपातकाल की सच्चाई को भी स्कूली शिक्षा में शामिल किया जाए, ताकि युवा पीढ़ी इस स्याह इतिहास से परिचित हो।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अनुच्छेद 356 का दुरुपयोग कर 60 वर्षों में 90 से अधिक गैर-कांग्रेसी सरकारों को गिराया। कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए भाजपा पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जनता को जागरूक करना ही आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

इस दौरान मुख्य रूप से भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा, पूर्व जिलाध्यक्ष सह आपातकाल कार्यक्रम के सह वक्ता अभय सिंह, अभियान के प्रदेश सह संयोजक जटाशंकर पांडेय, जिला उपाध्यक्ष सह कार्यक्रम संयोजक बबुआ सिंह, मीडिया प्रभारी प्रेम झा, सह मीडिया प्रभारी अखिल सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment