Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोमवार को सामाजिक संगठन झारखंड पुनरुत्थान अभियान के प्रतिनिधियों ने पोटका विधायक संजीव सरदार को ज्ञापन सौंपकर नियुक्ति में कथित अनियमितताओं की शिकायत दर्ज कराई।
संगठन ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि यह विद्यालय भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के अधीन संचालित एक विशेष शैक्षणिक संस्था है। इसके लिए जारी विज्ञापन संख्या 16.41 की तीसरी धारा में स्पष्ट उल्लेख था कि पूर्वी सिंहभूम जिले के स्थानीय अभ्यर्थियों को प्रथम प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बावजूद चयन प्रक्रिया में अन्य जिलों के अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी गई।
संगठन के अनुसार यह न केवल विज्ञापन की शर्तों का उल्लंघन है बल्कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 (समानता का अधिकार), अनुच्छेद 15 (भेदभाव के विरुद्ध संरक्षण), अनुच्छेद 16 (नियोजन में समान अवसर का अधिकार) और अनुच्छेद 21 (जीवन एवं जीविका का अधिकार) के भी प्रतिकूल है। प्रतिनिधियों ने इसे स्थानीय बेरोजगार युवाओं के साथ घोर अन्याय बताया और नियुक्ति प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग की।
ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरी प्रक्रिया की उच्चस्तरीय जांच कराते हुए इसे तत्काल निरस्त किया जाए और नए सिरे से नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाए। साथ ही भविष्य में स्थानीय अभ्यर्थियों को न्यायोचित प्राथमिकता सुनिश्चित करने की अपील की गई।
इस अवसर पर पोटका विधायक संजीव सरदार ने आश्वासन दिया कि वे स्थानीय युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए इस मुद्दे को गंभीरता से सरकार के समक्ष उठाएंगे और यथोचित विधिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।









