Awareness Campaign : सभी तैयारियां पूरी, आज होगी ‘युगांतर प्रकृति पर्यावरण जागरुकता प्रतियोगिता’

SHARE:

जमशेदपुर : युगांतर प्रकृति एवं स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित ‘प्रकृति पर्यावरण जागरुकता प्रतियोगिता’ की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह प्रतियोगिता मंगलवार, 4 जून को साकची स्थित राजेंद्र विद्यालय परिसर में आयोजित की जाएगी। आयोजन समिति के सदस्यों ने सोमवार को विद्यालय का दौरा कर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संतोष व्यक्त किया। समिति के सदस्यों ने विद्यालय सचिव श्री सीपीएन सिंह से मुलाकात की, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।



प्रतियोगिता के तहत चित्रकला, भाषण और क्विज की स्पर्धाएं दोपहर 2 बजे से आयोजित होंगी, जिसके लिए ओपन रजिस्ट्रेशन दोपहर 1:30 बजे से 2 बजे तक किया जाएगा। निबंध प्रतियोगिता की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच पहले ही की जा चुकी है। परिणामों की घोषणा बुधवार शाम को की जाएगी। आयोजन समिति ने आमजनों से अपील की है कि वे कार्यक्रम में उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करें।



इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. अंजिला गुप्ता होंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक सरयू राय करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में प्रख्यात पर्यावरणविद् दिनेश मिश्र और मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल के सचिव डीपी शुक्ला शामिल होंगे। इसके अलावा डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन बी. चंद्रशेखरन और डीएवी पब्लिक स्कूल की प्राचार्या प्रज्ञा सिंह सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी। विद्यालय का भ्रमण करने वाले आयोजन समिति के सदस्यों में एसपी सिंह, पवन सिंह, राजन सिंह राजपूत, अशोक कुमार, मंजू सिंह, रीना कुमारी, अंजनी कुमार, सुजीत कुमार मिश्रा और कौशिक कुमार दत्ता प्रमुख रूप से शामिल थे।

Leave a Comment