Jamshedpur : अंतर्राष्ट्रीय घरेलू कामगार दिवस के अवसर पर सोमवार को मानगो स्थित पृथ्वी पार्क में घरेलू कामगारों के अधिकार विषय पर एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) एवं व्यक्तित्व विकास संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।

कार्यक्रम में शामिल हुए कई विशिष्ट अतिथि
मुख्य अतिथि के रूप में डालसा के सचिव धर्मेंद्र कुमार ने उपस्थित घरेलू कामगार महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी दी और बताया कि कानूनी सहायता के लिए महिलाएं सीधे डालसा से संपर्क कर सकती हैं। उन्होंने कहा,
सरकारी योजनाओं और कानूनों का लाभ लेने के लिए सबसे पहले महिलाओं का जागरूक होना जरूरी है। जब महिलाएं अपने हक के लिए खड़ी होंगी, तभी समाज में परिवर्तन आएगा।”
विशिष्ट अतिथियों में व्यक्तित्व विकास संस्थान के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, मानगो नगर निगम की सीओ पुष्पा टोप्पो, झारखंड घरेलू कामगार यूनियन की स्टेट को-ऑर्डिनेटर सुलोचना, और सामाजिक कार्यकर्ता विजय तिवारी मौजूद रहे।

घरेलू कामगारों के अनुभव और संघर्ष हुए साझा
सुलोचना ने घरेलू कामगारों को सरकार की योजनाओं से जोड़ने में आ रही कठिनाइयों को रेखांकित किया और उनके लिए नीति-निर्माण की आवश्यकता बताई। वहीं पुष्पा टोप्पो ने महिला स्वयं सहायता समूहों के निर्माण और सरकारी लाभों की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
सामाजिक कार्यकर्ता विजय तिवारी ने घरेलू कामगारों के साथ होने वाली वास्तविक समस्याओं और पीड़ाओं को सामने रखा और कहा कि इन महिलाओं की समस्याएं दिखती नहीं, लेकिन सबसे गहरी होती हैं।”
संस्थान की भूमिका और आयोजन की जानकारी
कार्यक्रम की शुरुआत में व्यक्तित्व विकास संस्थान के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने संस्थान व डालसा की सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। संस्थान के सचिव मनोज कुमार ने स्वागत भाषण में घरेलू कामगारों की समस्याओं को रेखांकित किया।

उपस्थित महिलाओं ने लिया जानकारी का लाभ
कार्यक्रम में ममता, लक्ष्मी, सरस्वती देवी, चंदा देवी, पदमा, कमला, उर्मिला पांडे, रविंद्र सिंह, शमा परवीन, मोहम्मद यूनुस, मोतीलाल, सुनील पाण्डे समेत बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पुरुष शामिल रहे।