Jamshedpur : समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनबाड़ी सेवाओं, महिला एवं बाल विकास योजनाओं तथा पोषण कार्यक्रमों की जिला स्तर पर संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान कई बिंदुओं पर प्रगति असंतोषजनक पाई गई, जिस पर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि रिक्त आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं के सभी पदों की चयन प्रक्रिया 25 जनवरी 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण की जाए, ताकि आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन सुचारु रूप से हो सके।
भवनहीन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भवन निर्माण योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कराते हुए समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण कर हस्तांतरण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में लंबित बिजली कनेक्शन एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था 5 जनवरी तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में शत-प्रतिशत एसएएम (गंभीर कुपोषित) बच्चों को भर्ती कर उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं का आधार प्रमाणीकरण पूर्ण करते हुए उन्हें आधार ऑनबोर्डिंग से जोड़ने का निर्देश दिया गया। प्रतिदिन आंगनबाड़ी केंद्रों के खुलने एवं नियमित संचालन की निगरानी की जिम्मेदारी जिला समाज कल्याण पदाधिकारी एवं सभी सीडीपीओ को सौंपी गई।
इसके साथ ही सभी परियोजनाओं को पोषण ट्रैकर ऐप में शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने तथा 03 से 06 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों की वृद्धि निगरानी कर नियमित रूप से डेटा अपलोड करने का निर्देश दिया गया, ताकि पोषण स्तर की प्रभावी मॉनिटरिंग संभव हो सके। समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं कन्यादान योजना की प्रगति अत्यंत असंतोषजनक पाई गई। इस पर बहरागोड़ा एवं धालभूमगढ़ परियोजना के सीडीपीओ को शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती संध्या रानी, जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, सभी सीडीपीओ एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।









