युवा दिवस पर डीएवी चिड़िया में स्वामी विवेकानंद को नमन

SHARE:

Guwa:सेल संबद्ध डीएवी पब्लिक स्कूल, चिड़िया में सोमवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में पूरे श्रद्धा और प्रेरणात्मक वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य डॉ. शिव नारायण सिंह ने की। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने प्राचार्य के साथ स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान विचार-विमर्श सत्र में विद्यालय के वरीय हिंदी शिक्षक किशोर झा एवं वरीय विज्ञान शिक्षक आर.के. मिश्रा ने अपने-अपने वक्तव्यों में स्वामी विवेकानंद को युवाओं के लिए युगद्रष्टा और प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं को आत्मबल, राष्ट्रप्रेम और कर्मठता की दिशा दिखाते हैं।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. शिव नारायण सिंह ने कहा कि स्वामी विवेकानंद अल्पायु में ही अपने ओजस्वी विचारों, सुदृढ़ चरित्र और प्रभावशाली वाणी से पूरे विश्व में भारत की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करने वाले महान संन्यासी थे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन विवेकानंद की शिक्षाओं को जीवन में उतारने का संकल्प लेने का दिन है।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध उद्घोष—
“उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए”—
पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह नारा युवाओं को निरंतर प्रयास, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश देता है।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा अष्टम की छात्रा स्तुति टोपनो का जन्मोत्सव भी स्नेहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। संपूर्ण कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन कक्षा नवम की छात्रा प्रज्ञा महतो ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे और युवाओं में नई ऊर्जा व प्रेरणा का संचार हुआ।

Leave a Comment

और पढ़ें