Chaibasha : मनोहरपुर प्रखंड के टीमरा ग्राम स्थित 197 बटालियन कैंप परिसर में बुधवार को सीआरपीएफ की 197 बटालियन द्वारा भव्य सिविक एक्शन प्रोग्राम और मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में आवश्यक सामग्रियों का वितरण, चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता और सुरक्षा बलों के प्रति जनविश्वास को मजबूत करना था।
कार्यक्रम के दौरान टीमरा, लोड़ो, सौदा, वन ग्राम गंपू, बिनुवा और अंकुवा के सैकड़ों जरूरतमंद ग्रामीणों को साड़ियां, बेडशीट, स्टील के प्लेट-कटोरी-गिलास, मच्छरदानी और पानी की बाल्टी सहित कई आवश्यक सामग्रियाँ वितरित की गईं। सिविक एक्शन प्लान के तहत लगाए गए मेडिकल कैंप में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यक दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। बीमार और दूरस्थ क्षेत्रों से आए ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम उन्हें बड़ी राहत प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीआरपीएफ 197 बटालियन के कमांडेंट सुरेश कुमार ने ग्रामीणों को जागरूक और सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने पर बल दिया और कहा कि सीआरपीएफ हमेशा ग्रामीणों की सुरक्षा और सहयोग के लिए तत्पर है। उन्होंने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए शिक्षा और खेल-कूद में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
मौके पर कमांडेंट प्रमेन्द्र नारायण, द्वितीय कमान अधिकारी रुस्तम अली, पी. एन. यादव, चिड़िया ओपी प्रभारी वाहिद अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।









