जमशेदपुर: रविवार देर रात करीब 3 बजे ब्रह्म मुहूर्त में कदमा थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित गैस गोदाम के समीप गौ तस्करी की बड़ी कोशिश को नई गौ रक्षक समिति के सतर्क कार्यकर्ताओं ने नाकाम कर दिया। तस्कर महिंद्रा बोलेरो वाहन से 10 गौ माताओं की अवैध ढुलाई कर रहे थे।

सूचना मिलते ही गौ रक्षक समिति के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर बहादुरी से तस्करों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। इस दौरान हुई अफरा-तफरी में बोलेरो वाहन पलट गया, जिससे सभी गौ माता गंभीर रूप से घायल हो गईं।

नई गौ रक्षक समिति के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए गौ माता, तस्कर और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कदमा थाना पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे कई समाजसेवी और हिंदूवादी नेता, जिनमें भाजपा नेता द्विपल बिस्वास, आदित्य वर्मा, राहुल दुबे, बलराम जी, चिंटू सिंह और समाजसेवी बृजेश सिंह (मुन्ना) शामिल थे।

इस पूरी कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में नई गौ रक्षक समिति की सक्रियता की प्रशंसा हो रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और गौ तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है।










