पूर्वी सिंहभूम में कांग्रेस की हुंकार : “संविधान से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं” — आनंद बिहारी दुबे

SHARE:


Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर गदड़ा मंडल कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में शुक्रवार को राहरगोडा चौक पर एक जोरदार नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार पुरी ने की, जबकि मंच संचालन प्रखंड अध्यक्ष आशीष ठाकुर ने किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे, प्रखंड पर्यवेक्षक अखिलेश सिंह यादव और अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही।



सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने भारतीय संविधान पर कथित खतरे को लेकर भाजपा सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा, “भाजपा 400 पार का नारा इसलिए दे रही है ताकि संविधान को बदल सके। लेकिन कांग्रेस और देश की जनता ऐसा कभी होने नहीं देगी। यदि संविधान से तनिक भी छेड़छाड़ की गई तो हम सड़कों पर उतरेंगे।”



उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान में सभी वर्गों को बराबरी का अधिकार दिया गया है और उसमें किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ समाज के हित में नहीं होगी। दुबे ने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग मोदी-शाह की जोड़ी निजी हित में कर रही है, जो लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है।



सभा में स्थानीय उद्योगों और कंपनियों को भी निशाने पर लिया गया। आनंद बिहारी दुबे ने टाटा मोटर्स, न्यूवोको, टाटा पावर और स्ट्रीप व्हील जैसी कंपनियों को सीधा संदेश देते हुए कहा कि यदि वे अपने CSR (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) दायित्वों का पालन नहीं करतीं, तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी। उन्होंने गदड़ा, राहरगोडा, बारीगोडा और गोविंदपुर क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल, सड़क, पार्क, क्लब और मैरेज हॉल जैसी मूलभूत सुविधाएं देने की मांग की।



प्रखंड पर्यवेक्षक अखिलेश सिंह यादव ने देश में बेरोजगारी की भयावह स्थिति पर चिंता जताई, वहीं मंडल पर्यवेक्षक सुल्तान अहमद ने महंगाई को आम आदमी की कमर तोड़ने वाला करार दिया। प्रदेश सचिव खगेनचंद्र महतो ने चिकित्सा और शिक्षा की बढ़ती लागत पर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया।



इस अवसर पर कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी के साथ चलने का संकल्प लिया। सभा में सुनीता टोप्पो, रामदरस चौधरी, अरविंद साहू, मुन्ना मिश्र, अमर कुमार मिश्र, संजय तिवारी (अधिवक्ता), लक्की शर्मा, सुरज मुंडा, नारायण डे, मौसमी दास, नरेश गौरा, कृष्णजी और संतोष पांडेय समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment