Jamshedpur: लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने स्वर्णरेखा नदी के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर विधायक ने घाटों पर चल रही तैयारियों की समीक्षा की और श्रद्धालुओं की सुविधा और सहूलियत को सर्वोपरि रखने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
विधायक साहू ने सीतारामडेरा क्षेत्र के पांडे घाट, भुइयांडीह कल्याण नगर मुर्गा पाड़ा, बाबूडीह झरना घाट, बाबूडीह बारा घाट के साथ-साथ बारीडीह क्षेत्र के बागुनहातु डोंगा घाट, बिहार बस्ती घाट, सूखा तालाब घाट, तिलकनगर घाट, बारीडीह बस्ती जिला स्कूल घाट, भोजपुरी कॉलोनी घाट और निराला पथ घाट का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों और छठ पूजा समितियों से बातचीत कर घाटों की मौजूदा स्थिति, आवश्यकताएँ और समस्याएँ जानी। उन्होंने अधिकारियों को घाटों की सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, व्रती महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, प्रशिक्षित तैराकों की तैनाती और एनडीआरएफ/एसडीआरएफ टीम की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि दीपावली के बाद से घाटों की सफाई और व्यवस्थाओं में तेजी आई है और आने वाले दिनों में कोई भी कमी या आवश्यकता दिखते ही उसे तत्काल दूर किया जाएगा, ताकि छठ पर्व श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो सके।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, बारीडीह मंडल अध्यक्ष जीवन साहू, सीतारामडेरा मंडल उपाध्यक्ष रंजीत सिंह, कंचन दत्ता, कुमार अभिषेक सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।









