Chaibasa:चाईबासा में सड़क सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। सिंह पोखरिया रेलवे स्टेशन के समीप शुक्रवार देर शाम स्कूटी और मोटरसाइकिल के बीच हुई भीषण टक्कर में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों में से एक की पहचान शिवा विरूली (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बिंगतोपांग गांव का निवासी बताया जा रहा है। वहीं दूसरे मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन चाईबासा से सेंरेंगसिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सिंह पोखरिया रेलवे स्टेशन के पास तेज रफ्तार में आए वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर कोई नियंत्रण नहीं है और न ही पर्याप्त ट्रैफिक व्यवस्था है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम और नियमित चेकिंग की मांग की है।
पश्चिमी सिंहभूम जिले में लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं प्रशासन के लिए एक गंभीर चेतावनी बनती जा रही हैं।









