Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत दिरीबुरु पंचायत के लिपुंगा गांव में सोमवार देर रात एक वृद्ध दंपति की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। 72 वर्षीय सर्गिया बालमुचू और 65 वर्षीय उनकी पत्नी मुक्ता बालमुचू को उनके ही घर के आंगन में खटिया पर लेटे हुए अवस्था में टांगी से गला रेतकर मार डाला गया। घटना ने पूरे गांव को दहशत में डाल दिया है।
मंगलवार सुबह एक ग्रामीण खेत जाने के दौरान दंपति को खटिया पर असामान्य स्थिति में देख सशंकित हुआ। दो घंटे बाद लौटने पर जब आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उसने खटिया पर पड़ी चादर हटाई, जहां दोनों खून से लथपथ मृत पाए गए। इसके बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
ग्रामीणों का कहना है कि घटना डायन-बिसाही के शक से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, पुलिस इस कोण को भी खंगाल रही है। वहीं, गुवा थाना प्रभारी नीतिश कुमार ने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि मृतक सर्गिया बालमुचू का गांव के ही कुछ लोगों के साथ पिछले दिनों विवाद चला था। रविवार को इसी विवाद को लेकर गांव में बैठक भी हुई थी, जिसमें दंपति पर पेनल्टी लगाई गई थी। आशंका जताई जा रही है कि पेनल्टी नहीं देने के विवाद में ही उनकी हत्या कर दी गई।
थाना प्रभारी ने कहा कि जांच के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और गांव में सुरक्षा के मद्देनज़र अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।









