Jamshedpur : देश के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न एवं झारखंड राज्य के जनक श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती को भाजपा जमशेदपुर महानगर ने सुशासन दिवस के रूप में श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाया। गुरुवार को महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा के नेतृत्व में साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने अटल जी के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर जिला कार्यालय परिसर में अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व, कृतित्व, कविताओं और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अटल जी के विचारों, सुशासन की अवधारणा और सशक्त नेतृत्व को स्मरण करते हुए उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी को देश में ‘अजातशत्रु’ के रूप में जाना जाता है। उनकी जयंती पर प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक भाजपा कार्यकर्ता अटल जी के विचारों और सुशासन के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी के नेतृत्व में भारत ने विकास, आत्मसम्मान और वैश्विक पहचान की नई ऊंचाइयों को छुआ।
सुधांशु ओझा ने कहा कि झारखंड राज्य का गठन अटल जी की दूरदृष्टि और राजनीतिक संकल्प का परिणाम है। वर्ष 1999 में दुमका की जनसभा में किए गए वादे को उन्होंने केंद्र में सरकार बनते ही पूरा किया और झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाया। यह उनके मजबूत नेतृत्व और वचनबद्धता का प्रतीक है।
सभी मंडलों व बूथों पर श्रद्धापूर्वक मनाई गई अटल जयंती
भाजपा जमशेदपुर महानगर अंतर्गत सभी 28 मंडलों एवं उनके अधीन बूथों पर भी अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पूरे श्रद्धाभाव से मनाई गई। मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और सुशासन, राष्ट्रसेवा एवं जनकल्याण के संकल्प को दोहराया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, बिनोद सिंह, मिथिलेश सिंह यादव, जटाशंकर पांडेय, संजीव सिन्हा, बबुआ सिंह, राजीव सिंह, रेणु शर्मा, जितेंद्र राय, पप्पू सिंह, कृष्णा शर्मा काली, संजीत चौरसिया, अखिल सिंह, उज्ज्वल सिंह, नीलू मछुआ, सागर राय, पप्पू उपाध्याय, रंजीत सिंह, कुमार अभिषेक, आलोक वाजपेयी समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









