Chandil : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत का असर झारखंड के चांडिल में भी देखने को मिला। सोमवार को चांडिल बाजार में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर जीत का जश्न मनाया और आमजनों के बीच झालमुड़ी बांटकर खुशी साझा की।
जुलूस का नेतृत्व भाजपा नेता पप्पू वर्मा ने किया। ढोल-नगाड़ों और ‘जय श्री राम’ के नारों के बीच कार्यकर्ता चांडिल बाजार से स्टेशन रोड तक निकले। इस दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में पार्टी के झंडे के साथ नरेंद्र मोदी और अमित शाह के पोस्टर नजर आए। पूरे आयोजन में उत्साह और जोश का माहौल रहा।
मौके पर पप्पू वर्मा ने कहा कि बंगाल की जनता ने तुष्टिकरण और हिंसा की राजनीति को नकारते हुए विकास को चुना है। उन्होंने इसे राज्य की पूर्व सरकार की नीतियों के खिलाफ जनमत बताया और दावा किया कि इस जीत से झारखंड में भी भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है।
जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं ने चांडिल चौक पर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाई दी। पप्पू वर्मा ने स्वयं लोगों को बंगाल की प्रसिद्ध झालमुड़ी खिलाई। राहगीरों और दुकानदारों ने भी जुलूस में शामिल होकर खुशी जाहिर की।
कार्यक्रम में खुदी सिंह सरदार, दुर्गा सिंह, शिशिर प्रमाणिक, कामदेव नायक, जगदीश महतो, चामुराम भूईया, सुमन मुखर्जी, जयंत रजक, विशाल चौधरी, दिवाकर सिंह, आकाश महतो, मोतीलाल कुंभकार, चुनु साव, नितेश तिवारी, अनिल सिन्हा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पश्चिम बंगाल से नजदीकी होने के कारण चांडिल में इस जीत का असर खास तौर पर देखने को मिला। कई परिवारों के रिश्तेदार बंगाल में रहने के कारण यहां जश्न का माहौल और अधिक उत्साहपूर्ण रहा। भाजपा नेताओं ने इसे लोकतंत्र की जीत बताते हुए कहा कि अब बंगाल में सुशासन का नया दौर शुरू होगा।











