Jamshedpur:भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में शानदार जीत दर्ज कर देश का मान बढ़ाया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर समाजवादी चिंतक एवं वरीय अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह क्षण प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव और सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि भारत की बेटियों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि वे किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं। इस जीत ने न सिर्फ देश को गर्व का अवसर दिया है, बल्कि नई पीढ़ी को प्रेरणा और आत्मविश्वास भी प्रदान किया है।
श्री पप्पू ने कहा कि हर अभिभावक को चाहिए कि वे अपनी बेटियों को घर की सीमाओं से बाहर निकलने और ज्ञान, विज्ञान, तकनीकी व खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर दें। उन्होंने टीम की सफलता को मेहनत, दृढ़ निश्चय और ईमानदारी का परिणाम बताया।
उन्होंने कहा कि “यदि इरादा मजबूत हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इस कहावत को साकार कर दिखाया है।”









