Guwa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा बाजार में हुई मोबाइल चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल खुलासा कर दिया है। इस मामले में तीन नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
थाना प्रभारी Baleshwar Oraon ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि 11 अप्रैल 2026 को दर्ज मामले में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। इस दौरान बोकना गांव के जंगल से तीनों नाबालिगों को पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए छह मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं। पूछताछ में तीनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
इस मामले में बड़ाजामदा थाना में कांड संख्या 15/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए तीनों नाबालिगों को हिरासत में लेकर चाईबासा स्थित बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि 10 अप्रैल की मध्य रात्रि को बड़ाजामदा बाजार स्थित दो मोबाइल दुकानों का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 10 मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। दुकानदारों द्वारा 11 अप्रैल को थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए अगले ही दिन मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में राहत की भावना है, वहीं क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की सराहना भी की जा रही है।











