Guwa : बड़ाजामदा में चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया है। ताजा मामला बड़ाजामदा बस स्टैंड के पास का है, जहां सड़क किनारे ठेला लगाकर दुकान चलाने वाले दुकानदारों को अज्ञात चोरों ने बुधवार आधी रात को निशाना बनाया।
जानकारी के अनुसार, देर रात बंद दुकानों का ताला तोड़कर चोरों ने अंदर रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे, तो टूटे ताले देखकर घटना का पता चला। चोरी में दैनिक उपयोग के कई सामान गायब पाए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक महीने में क्षेत्र में चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। दो दिन पहले ही एक मोबाइल दुकान से कई मोबाइल फोन चोरी होने का मामला सामने आया था, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी।
लगातार हो रही घटनाओं से दुकानदारों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं। उनका कहना है कि रात के समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं।
बढ़ती घटनाओं को देखते हुए बड़ाजामदा थाना पुलिस सक्रिय नजर आ रही है और लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। हालांकि, अब तक किसी भी मामले में ठोस सफलता नहीं मिल पाई है, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।
थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने बताया कि इन चोरी की घटनाओं में छोटे-छोटे बच्चों की संलिप्तता की आशंका है, जो नशे की लत के कारण इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और आरोपियों को जल्द पकड़ने का दावा किया है। वहीं, स्थानीय लोग प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।








