Jamshedpur:जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने कहा कि भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे शिखर पुरुष थे, जिनके व्यक्तित्व में आदर्श, सरलता, संवेदनशीलता और दृढ़ नेतृत्व का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि अटलजी न केवल एक महान नेता थे, बल्कि कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत और मार्गदर्शक भी थे।
यह बातें उन्होंने जनता दल यूनाइटेड, जमशेदपुर महानगर के बारीडीह स्थित कार्यालय में अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहीं। अपने संबोधन में सरयू राय ने जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक अटलजी के राजनीतिक सफर को याद करते हुए कई प्रेरक प्रसंग साझा किए।
उन्होंने बताया कि संगठनात्मक कार्यों के दौरान जब वे क्षेत्र में आते थे, उस दौर में बहुत कम लोगों के पास निजी वाहन हुआ करते थे। ऐसे समय में अटलजी बिना किसी औपचारिकता के, कई बार रिक्शे से ही कार्यालय पहुँच जाते थे। वे कभी स्वागत जुलूस की प्रतीक्षा नहीं करते थे और कई अवसरों पर कार्यकर्ताओं के घरों में ही रुक जाते थे। यह उनकी सादगी और कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीयता का जीवंत उदाहरण है।
सरयू राय ने 1996 का उल्लेख करते हुए कहा कि किस प्रकार अटलजी 13 दिनों के लिए देश के प्रधानमंत्री बने और फिर सिद्धांतों तथा विचारधारा के प्रति निष्ठा रखते हुए जनता पार्टी से अलग होकर भाजपा के गठन की राह प्रशस्त हुई। यह उनके सिद्धांतवादी और दृढ़ चरित्र को दर्शाता है। उन्होंने यह भी बताया कि संसद भवन परिसर में लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा की स्थापना अटलजी के प्रधानमंत्री कार्यकाल में हुई, जिसकी मांग जेपी मंच के माध्यम से रखी गई थी और अटलजी ने उसे सहर्ष स्वीकार किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने की। इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू ने किया।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर राव, दुर्गा राव, प्रेम सक्सेना, युवा जदयू के जिलाध्यक्ष नीरज सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अमृता मिश्रा सहित अनेक वरिष्ठ नेता, महिला एवं युवा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।









